दंतेवाड़ा के दंतेश्वरी मंदिर में शारदीय नवरात्रि के दौरान पहली बार VIP और मोस्ट VIP श्रद्धालुओं के लिए अलग रास्ते की व्यवस्था की जा रही है. इसका उद्देश्य आम भक्तों की कतार और दर्शन व्यवस्था को प्रभावित होने से बचाना है. सामान्य श्रद्धालुओं का प्रवेश मुख्य द्वार से ही होगा और उनके लिए अलग कतार की व्यवस्था रहेगी.
मोस्ट VIP श्रद्धालुओं को सिंह द्वार से मंदिर तक ले जाने की योजना है. वहीं VIP श्रद्धालुओं के लिए सिंह द्वार से पहले मंदिर के पिछले गेट तक पहुंचने वाली सड़क तैयार की जा रही है. इस रास्ते से वे पिछले गेट से प्रवेश कर दर्शन कर सकेंगे.
रोजाना 3 से 3.5 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे
मंदिर के मुख्य द्वार पर शुरू की गई काउंटिंग व्यवस्था के अनुसार अभी रोजाना करीब 3,000 से 3,500 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. छुट्टी के दिनों में यह संख्या सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी हो जाती है. नवरात्रि के दौरान रोज 10,000 से 15,000 श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है. पंचमी और अष्टमी जैसे विशेष दिनों में यह संख्या 25,000 तक जा सकती है.
संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति ने आयोजन के लिए करीब 1.50 करोड़ रुपये के बजट की जरूरत बताई है. इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, टेंट, सजावट, बिजली और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े खर्च शामिल हैं.
नौ दिनों में बदलेगी यातायात व्यवस्था
नवरात्रि के नौ दिनों में गायत्री मंदिर चौक से जय स्तंभ चौक तक सड़क वाहनों के लिए बंद रखने की तैयारी है. इस मार्ग पर केवल पैदल श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रस्तावित है. वाहनों को गायत्री मंदिर चौक से अस्पताल रोड होते हुए SBI चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा.
देवभोग होटल के पीछे, हाईस्कूल ग्राउंड और मेला स्थल समेत अन्य जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है. डंकिनी नदी के छोटे पुल से चार पहिया वाहनों की आवाजाही शुरू कराने की भी तैयारी है. फिलहाल सुरक्षा कारणों से यह मार्ग बंद है. दोनों बाईपास बंद होने के कारण नवरात्रि में मुख्य सड़क पर यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका है.
