छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले को प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना में उत्कृष्ट और प्रभावी योगदान के लिए देश का ‘सर्वश्रेष्ठ जिला’ पुरस्कार मिला है. यह सम्मान नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में दिया गया.

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिले को यह पुरस्कार प्रदान किया. दंतेवाड़ा की ओर से कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव और उप संचालक कृषि सूरज कुमार पंसारी ने संयुक्त रूप से सम्मान ग्रहण किया.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उपलब्धि पर दंतेवाड़ा के किसानों, जिला प्रशासन और कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसानों के परिश्रम, सरकार की किसान कल्याणकारी नीतियों और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है. मुख्यमंत्री के अनुसार, आदिवासी बहुल बस्तर क्षेत्र में कृषि विकास की यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है.

कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने भी किसानों और कृषि विभाग की टीम को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय और कृषि उत्पादकता बढ़ाने, उन्नत तकनीकों का विस्तार करने तथा पारंपरिक खेती को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने के लिए काम कर रही है.

सरकार के अनुसार, दंतेवाड़ा की उपलब्धि विभागीय समन्वय और किसानों की सहभागिता से वनांचल क्षेत्रों में कृषि विकास की संभावनाओं को रेखांकित करती है.