छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र के समलूर गांव में 65 वर्षीय सुखराम सोढ़ी की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, गांव में उन पर जादू-टोना करने का शक किया जा रहा था. इसी संदेह और नाराजगी के चलते वारदात को अंजाम देने का आरोप है.
पुलिस के अनुसार, उईकापारा निवासी सुखराम सोढ़ी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी. उनके चेहरे, गाल, कान और माथे पर चोट के निशान मिले थे. शुरुआत में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट लगने से मौत की पुष्टि होने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया.
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर धनीराम भोगामी उर्फ मोटू, बिनेश सोढ़ी उर्फ बीनू और मंगतू सोढ़ी से पूछताछ की. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में तीनों की संलिप्तता सामने आई.
आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का पट्टा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं. तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. पुलिस हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
