छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पुलिस और सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के एक छिपे हुए डंप का पता लगाकर हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री जब्त की है. पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री में AK-47 राइफल, BGL लॉन्चर, देशी बंदूकें, 28 BGL राउंड, 34 कारतूस, कुकर बम और वॉकी-टॉकी सेट शामिल हैं.

यह कार्रवाई बारसूर थाना क्षेत्र के वाकेली गांव के जंगल-पहाड़ी इलाके में तलाशी के दौरान हुई. पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को दोपहर करीब 4 बजे संयुक्त टीम ने यहां सर्चिंग की थी. टीम में जिला बल, DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF के जवान शामिल थे.

पुलिस ने बताया कि जिले में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है. 16 नवंबर को वाकेली के जंगल और 18 नवंबर को बुरदुम के जंगल-पहाड़ी इलाके में भी तलाशी अभियान चलाया गया था. इन अभियानों में आत्मसमर्पित नक्सलियों और स्थानीय मुखबिरों से मिली सूचनाओं का इस्तेमाल किया गया.

बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर पुलिस ने नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. दंतेवाड़ा पुलिस ने लोगों से नक्सली गतिविधियों से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है.