बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट जारी किया गया है. तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका के बीच दंतेवाड़ा जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 27 अक्टूबर को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है.

यह आदेश कलेक्टर की अनुमति से जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया है. अवकाश केवल छात्र-छात्राओं के लिए लागू होगा, जबकि शिक्षकों को स्कूल आना होगा. आदेश में कहा गया है कि चक्रवात और अत्यधिक बारिश के कारण विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में परेशानी हो सकती है.

27 से 29 अक्टूबर तक सतर्कता

राज्य सरकार ने सभी जिलों के कलेक्टरों को 27 से 29 अक्टूबर तक विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. कलेक्टरों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी रखने को कहा गया है.

दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, बस्तर और नारायणपुर जिलों में तेज हवाओं और बारिश की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं. दंतेवाड़ा में विद्यार्थियों के लिए घोषित अवकाश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है.