बालोद जिले के डौंडी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में 10वीं कक्षा के छात्र विनय कुमार का शव कमरा नंबर 16 में मिला. पुलिस के अनुसार, छात्र का शव सुबह कमरे में फंदे पर लटका हुआ मिला. मृतक की पहचान ग्राम रीवागहन खेरथा निवासी विनय कुमार, पिता कामता राम के रूप में हुई है.

जानकारी के मुताबिक, विनय सुबह होने वाली पीटी में शामिल नहीं हुआ था. पीटी खत्म होने के बाद जब अन्य छात्र कमरे में लौटे, तब उन्होंने उसे देखा और विद्यालय प्रबंधन को सूचना दी. इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने डौंडी पुलिस को घटना की जानकारी दी.

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. घटना की जानकारी मिलने के बाद सहायक आयुक्त भी विद्यालय पहुंचे और प्रबंधन से मामले की जानकारी ली.

मौत की वजह स्पष्ट नहीं

फिलहाल छात्र की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और छात्र के साथियों तथा अन्य करीबियों से पूछताछ की जा सकती है. जांच पूरी होने के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी.

यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक संकट में है या आत्महत्या के विचार आ रहे हैं, तो तुरंत किसी भरोसेमंद व्यक्ति, स्थानीय आपात सेवा या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें.