दक्षिण पूर्व रेलवे जोन में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते दिसंबर में छह एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन निर्धारित तारीखों पर रद्द रहेगा. रेलवे के अनुसार, यह कार्य रेल पटरियों के आधुनिकीकरण, सिग्नलिंग व्यवस्था में सुधार और संरक्षा से जुड़े विकास कार्यों के तहत किया जा रहा है.
रद्द होने वाली ट्रेनों में हैदराबाद-रक्सौल और रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस, तिरुपति-रक्सौल और रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस तथा वास्को डी गामा-जसीडीह और जसीडीह-वास्को डी गामा एक्सप्रेस शामिल हैं.
इन तारीखों पर नहीं चलेंगी ट्रेनें
ट्रेन संख्या 17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस 10 दिसंबर को रद्द रहेगी. इसकी वापसी सेवा ट्रेन संख्या 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस 13 दिसंबर को नहीं चलेगी.
ट्रेन संख्या 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस सात और 14 दिसंबर को रद्द रहेगी. वहीं, ट्रेन संख्या 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस 10 और 17 दिसंबर को संचालित नहीं होगी.
ट्रेन संख्या 17321 वास्को डी गामा-जसीडीह एक्सप्रेस 11 दिसंबर को, जबकि ट्रेन संख्या 17322 जसीडीह-वास्को डी गामा एक्सप्रेस 14 दिसंबर को रद्द रहेगी.
इन सेवाओं के प्रभावित होने से बिहार, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और गोवा की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले अपनी ट्रेन की वास्तविक स्थिति जांच लें. इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 139 या नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) पोर्टल और मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है.
