छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दीपका में रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ 27.90 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है. दीपका के वार्ड नंबर-9 निवासी कोयला कारोबारी अंकित सिंह ने 13 नवंबर 2026 को थाने में शिकायत दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

शिकायतकर्ता के मुताबिक, यह रकम उसके पिता महेंद्र सिंह से ली गई थी. अंकित का कहना है कि इस मामले में दीपका थाने में 2020 में अपराध क्रमांक 160/2020 के तहत केस दर्ज हुआ था. बाद में दीपक टंडन ने शपथ पत्र के जरिए समझौता किया और रकम लौटाने का भरोसा दिया.

चेक देने के बाद रकम लौटाने का आरोप

अंकित के अनुसार, लगातार मांग करने पर 20 मई 2023 को उसे Yes Bank का 5 लाख रुपये का चेक दिया गया. करीब 10-12 दिन बाद बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि चेक पहले से होल्ड कराया गया था. शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाकी रकम लौटाने में भी टालमटोल की जाती रही.

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने 10 जुलाई 2024 को कटघोरा कोर्ट में पेशी के दौरान पैसे देने की बात कही थी. उसी दिन शाम करीब 4 बजे एक साथी के जरिए अंकित को दीपका के बुधवारी चौक बुलाया गया. अंकित का आरोप है कि रकम मांगने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने तथा एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी गई. उसने बताया कि डर के कारण उस समय पुलिस में शिकायत नहीं की और घटना की जानकारी अपने पिता तथा साथी गौतम गौते को दी.

गिरफ्तारी के बाद शिकायत देने की बात

अंकित के मुताबिक, कुछ दिन पहले बिलासपुर पुलिस ने दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था. इसके बाद उसने 13 नवंबर को दीपका थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी. शिकायतकर्ता का दावा है कि चेक देकर भुगतान का भरोसा दिलाने के बाद धमकी देकर शिकायत से रोकने की कोशिश की गई.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दीपक टंडन के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर छह FIR दर्ज होने की बात सामने आई है. इनमें होटल पर कब्जे और धमकी, जमीन व रेस्टोरेंट बेचने के नाम पर कथित ठगी, Fortuner बेचने के नाम पर रकम लेने, सरकारी कोयला टेंडर दिलाने के नाम पर पैसे लेने और AI से आपत्तिजनक सामग्री तैयार कर प्रसारित करने के आरोपों से जुड़े मामले शामिल हैं. इन सभी मामलों में आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी.