कोरबा के दीपका थाना क्षेत्र में चलती मालगाड़ी पर पथराव का मामला सामने आया है. घटना में लोको पायलट सुनील कुमार घायल हो गए. पथराव के दौरान एक पत्थर उनके सिर पर लगा, जिससे खून बहने लगा. इसके बाद मालगाड़ी को तत्काल रोकना पड़ा.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कोरबा रेलवे कॉलोनी निवासी सुनील कुमार मालगाड़ी लेकर गेवरा खदान में कोयला लोड कराने जा रहे थे. ट्रेन दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची थी, तभी अज्ञात लोगों ने इंजन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया. पथराव में इंजन के दरवाजे का कांच भी टूट गया.
अस्पताल में कराया गया इलाज
घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे. घायल लोको पायलट को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पथराव के बाद मालगाड़ी काफी देर तक ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे रेल यातायात प्रभावित होने की जानकारी है.
दीपका पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. रेलवे क्रॉसिंग के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
रेलवे कर्मचारियों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. कर्मचारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से लोको पायलट और ट्रेन में तैनात अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा को खतरा रहता है.
