कोरबा जिले के दीपका में दूसरी मंजिल पर काम कर रहा 23 वर्षीय मिस्त्री संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया. गिरने के दौरान वह पहली मंजिल पर लगे लोहे के सरिये में फंस गया. करीब चार फीट लंबा सरिया उसके शरीर को भेदते हुए पेट और छाती के आर-पार निकल गया. युवक की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है.

हादसे के बाद परिजनों ने सरिया काटकर युवक को बाहर निकाला और उसे दीपका के अस्पताल पहुंचाया. गंभीर हालत को देखते हुए वहां से उसे बिलासपुर स्थित सिम्स रेफर किया गया. अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद तत्काल ऑपरेशन का फैसला लिया.

सिम्स में इमरजेंसी ऑपरेशन

सिम्स के ऑपरेशन थिएटर में सर्जरी विभाग की टीम ने डॉक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन किया. टीम में पीजी छात्र डॉ. आकांक्षा, डॉ. धनेश्वरी, डॉ. मंजू और डॉ. रजत शामिल रहे. एनेस्थीसिया विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मधुमिता मूर्ति और डॉ. अर्पणा मिश्रा ने भी उपचार में सहयोग किया.

डॉक्टरों के अनुसार, सरिया शरीर के आर-पार होने के बावजूद युवक की किडनी, लीवर और शरीर की प्रमुख नसों को नुकसान नहीं पहुंचा. सावधानीपूर्वक सरिया निकालकर आवश्यक उपचार किया गया. फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई गई है और उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.

सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि गंभीर और जटिल मामलों में अस्पताल की टीमें बेहतर इलाज देने का प्रयास कर रही हैं. चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह के अनुसार, दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मरीजों को अस्पताल में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है.