नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की करीब दो सौ साल पुरानी ऐतिहासिक धरोहरें दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं. हॉल नंबर चार में 1,000 वर्गमीटर क्षेत्र में लगाए गए छत्तीसगढ़ पवेलियन में राज्य के इतिहास, साहित्य और तत्कालीन प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े दुर्लभ दस्तावेज प्रदर्शित किए गए हैं.

प्रदर्शनी में कल्चुरि काल के ताम्रपत्र, दुर्लभ औषधीय पांडुलिपियां और रानी दुर्गावती युग से जुड़ी स्वर्णाक्षरित पांडुलिपि शामिल है. वर्ष 1735 का रायपुर के कल्चुरि शासक अमर सिंह देव का ताम्रपत्र भी यहां रखा गया है. यह दस्तावेज उस दौर की प्रशासनिक व्यवस्था और राजकीय अभिलेख परंपरा की जानकारी देता है.

वर्ष 1858 में बाबू रेवाराम कायस्थ द्वारा लिखी गई ‘तवारीख-ए-हैहैय राजाओं की’ पांडुलिपि भी प्रदर्शनी का प्रमुख हिस्सा है. इसे छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि माना जाता है. इसके अलावा कल्चुरि काल की औषधीय पांडुलिपियों के जरिए उस समय के ज्ञान और चिकित्सा परंपरा को सामने रखा गया है.

स्वतंत्रता सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा द्वारा रायपुर जेल में 1921-22 के दौरान तैयार की गई ‘श्रीकृष्ण जन्मस्थान समाचार’ की मूल प्रति भी दर्शकों के लिए प्रदर्शित है. इसे देश की पहली हस्तलिखित जेल पत्रिका माना जाता है. इसमें तत्कालीन जेल परिस्थितियों और स्वतंत्रता सेनानियों के साथ होने वाले व्यवहार का वर्णन बताया गया है.

प्रदर्शनी में वर्ष 1913 के आसपास की हस्तलिखित व्यय विवरणिका और मोड़ी लिपि में लिखी राजस्व संबंधी सनद भी शामिल है. व्यापार मेला 27 नवंबर तक चलेगा.