बिलासपुर के देवरीखुद स्थित रिहायशी जमीन विवाद में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने तहसीलदार और राजस्व मंडल के आदेशों को निरस्त कर दिया है. अदालत ने कहा कि स्थायी निर्माण वाली रिहायशी संपत्ति से जुड़े मामले में यदि मांगी गई राहत वस्तुतः रोक या निषेधाज्ञा की है, तो उस पर सुनवाई का अधिकार राजस्व न्यायालय के पास नहीं है.

जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की अदालत ने लक्ष्मण माणिकपुरी और उत्तरा माणिकपुरी की याचिका स्वीकार करते हुए यह आदेश दिया. अदालत ने बिलासपुर तहसीलदार का 20 जून 2022 का आदेश और उसके आधार पर राजस्व मंडल बिलासपुर का 18 सितंबर 2025 का आदेश निरस्त कर दिया.

सिविल कोर्ट में दावा पेश करने की स्वतंत्रता

हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ऐसे विवाद में पक्षकार सक्षम सिविल कोर्ट के समक्ष अपना दावा रख सकते हैं. याचिकाकर्ताओं को भी अपने संपत्ति संबंधी दावे के लिए सिविल कोर्ट जाने की स्वतंत्रता दी गई है.

फैसले का आधार यह है कि रिहायशी संपत्ति पर रोक लगाने या निषेधाज्ञा देने से जुड़ी राहत सिविल न्यायालय के क्षेत्राधिकार में आती है, न कि राजस्व न्यायालय के.