छत्तीसगढ़ की राजनीति में भाजपा सरकार के मंत्री खुशवंत साहेब के परिवार से जुड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है. उनके बड़े भाई और सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु बालदास के बेटे ढाल दास कांग्रेस में शामिल हो गए हैं. राजधानी रायपुर में आयोजित तीजा-पोरा कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई.

कांग्रेस में शामिल होने के बाद ढाल दास ने मुंगेली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई. उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है तो वह मुंगेली से चुनाव लड़ना चाहेंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी जिस सीट से चुनाव मैदान में उतारेगी, वहां से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं.

ढाल दास के मुताबिक, कांग्रेस में शामिल होने से पहले उन्होंने अपने पिता गुरु बालदास और भाई खुशवंत साहेब से चर्चा की थी. उन्होंने दावा किया कि दोनों ने उनके कांग्रेस में जाने को लेकर सहमति जताई थी.

वहीं, मंत्री खुशवंत साहेब ने इस घटनाक्रम पर कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘तोड़ने की राजनीति’ करती है. उनका कहना था कि कांग्रेस धर्म, समाज और परिवार को बांटने की कितनी भी कोशिश कर ले, वह सफल नहीं होगी.

गुरु बालदास का परिवार सतनामी समाज में प्रभावशाली माना जाता है और बाबा गुरु घासीदास की वंश परंपरा से जुड़ा बताया जाता है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गुरु बालदास के चार बेटे—ढाल दास, सोमेश दास, खुशवंत दास और सौरभ दास—और एक बेटी हैं.