छत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस ने दो कारों से 131.668 किलो गांजा बरामद कर महाराष्ट्र के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, जब्त गांजा, वाहनों और पांच मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 72 लाख 45 हजार 400 रुपये आंकी गई है.

पुलिस के मुताबिक, दूसरे राज्यों में गांजा तस्करी रोकने के लिए ऑपरेशन निश्चय चलाया जा रहा है. इसी दौरान साइबर थाना टीम को सूचना मिली कि ओडिशा के जयपुर इलाके से दो कारों में गांजा भरकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है. दोनों वाहन चारामा के रास्ते धमतरी की ओर आ रहे थे.

सूचना के बाद पुलिस ने श्यामतराई नाका पर घेराबंदी की. कुछ देर बाद नैनो और स्विफ्ट डिजायर कार वहां पहुंचीं. तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से गांजा बरामद हुआ और पुलिस ने उनमें सवार पांचों लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन उर्फ सचिन कैलाश ईगेडे (27), रामेश्वर सालिक राम दांडगे (31), राबिनसन लॉरेंस फर्नांडिस (32), लखन गुलाब बेलदार (34) और गणेश विजय पाटिल (29) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी महाराष्ट्र के बुलढाना और जलगांव जिलों से जुड़े हैं.

पांचों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस उनसे गांजा लाने के स्रोत और महाराष्ट्र में इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी, इस संबंध में पूछताछ कर रही है.