छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में 10 हजार रुपये से अधिक बिजली बिल बकाया रखने वाले 200 घरेलू उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की तैयारी शुरू कर दी गई है. इन उपभोक्ताओं पर कुल 23 लाख 55 हजार रुपये बकाया है और बिल दो महीने से अधिक समय से लंबित बताया गया है.

बिजली विभाग ने कार्रवाई के लिए इन उपभोक्ताओं की सूची राज्य कार्यालय भेज दी है. संबंधित उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर लगातार तीन दिन तक बकाया बिल जमा करने के संदेश भेजे जाएंगे. इसके बाद भी भुगतान नहीं होने पर चौथे दिन राज्य स्तर से कनेक्शन ऑनलाइन काट दिया जाएगा.

भुगतान के बाद नियमानुसार बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी. विभाग बकाया वसूली के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरीकों से कार्रवाई कर रहा है. स्मार्ट मीटर वाले कनेक्शनों की बिजली राज्य स्तर से ऑनलाइन काटी जा रही है. जिन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर नहीं लगे हैं, वहां विभागीय टीम मौके पर पहुंचकर बिजली लाइन काटेगी.

सरकारी कनेक्शनों पर भी कार्रवाई जारी

बकाया बिजली बिल को लेकर सरकारी कनेक्शनों पर कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है. लोक निर्माण विभाग और भारतीय खाद्य निगम (FCI) के कनेक्शन अब भी बंद बताए गए हैं. कुछ विभागों ने जल्द भुगतान का पत्र बिजली विभाग को दिया है. ऐसे मामलों में पत्र के आधार पर कनेक्शन बहाल किए गए हैं, लेकिन बकाया जमा नहीं करने वाले विभागों की बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी.

सहायक यंत्री भारत लाल सिन्हा के अनुसार, शासन के आदेश के तहत बकाया वाले सरकारी कनेक्शनों पर ऑनलाइन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.