धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के बाद प्रशासन ने अवैध भंडारण और कारोबार की आशंका में दो स्थानों पर छापेमारी की. राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान कुल 457 कट्टा धान जब्त किया है. दोनों मामलों में मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है.
पहली कार्रवाई ग्राम घुटकेल में की गई. प्रशासन को सूचना मिली थी कि संतोष खंडेलवाल ने अपने ड्राइवर के घर धान रखवाया है. मौके पर जांच के दौरान धान से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर टीम ने 147 कट्टा धान जब्त कर लिया. शुरुआती जांच में यह आशंका जताई गई कि धान को समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीदी केंद्र में खपाने की तैयारी हो सकती थी. हालांकि, इस आशंका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
दूसरी कार्रवाई ग्राम उमरगांव में तोषण कुमार साहू के गोदाम पर हुई. यहां जांच के दौरान 310 कट्टा धान मिला. दस्तावेजों की पड़ताल के बाद टीम ने पूरा धान अपने कब्जे में ले लिया.
धान के स्रोत और दस्तावेजों की होगी जांच
प्रशासन अब जब्त धान के स्रोत, भंडारण और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच करेगा. अधिकारियों का उद्देश्य यह पता लगाना है कि धान स्थानीय स्तर पर खरीदा गया था या किसी अन्य स्रोत से लाया गया था.
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू हुई है. खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने और बाहरी धान को सरकारी केंद्रों पर खपाने की आशंका पर निगरानी के लिए प्रशासनिक टीमें सक्रिय हैं.
