छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले धमतरी जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की है. नगरी क्षेत्र में प्रशासन ने धान से भरे दो वाहनों को जब्त किया है. दोनों वाहनों से करीब 550 बोरी धान बरामद होने की जानकारी दी गई है.

प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह धान ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाया गया था और इसे नगरी क्षेत्र की एक राइस मिल में खपाने की तैयारी थी. सूचना मिलने के बाद एसडीएम मनोज मरकाम ने कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को पकड़ लिया. जब्त धान और वाहनों के संबंध में प्रशासन की जांच जारी है.

अधिकारियों के अनुसार, मामले में मंडी अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने समर्थन मूल्य पर खरीदी के दौरान दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने की आशंका को देखते हुए निगरानी बढ़ाई है.

कोलियारी में भी धान जब्त

नगरी के अलावा कोलियारी में भी प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई की. टीम ने सुयश ट्रेडिंग परिसर में भंडारित 10.40 क्विंटल धान जब्त किया. प्रशासन इस धान के भंडारण और स्रोत से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहा है.