धमतरी जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की चेतावनी दी है. छत्तीसगढ़ जुझारू कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ के नेतृत्व में रखी गई मांगों में नियमितीकरण कर शासकीय कर्मचारी का दर्जा देना और तब तक कम से कम 30 हजार रुपये मासिक मानदेय देना शामिल है.
संघ की जिलाध्यक्ष रेवती वत्सल, उपाध्यक्ष केकती साहू, सचिव मीना विश्वकर्मा और कोषाध्यक्ष वेदिका देवांगन के अनुसार, लंबे समय से शासन का ध्यान समस्याओं की ओर दिलाया जा रहा है, लेकिन अब तक ठोस निर्णय नहीं हुआ है.
पदोन्नति और सेवा समाप्ति पर आर्थिक सुरक्षा की मांग
संघ ने प्रदेश में पर्यवेक्षक के 200 से अधिक रिक्त पदों में से 50 प्रतिशत पदों पर आयु सीमा में छूट देकर बिना परीक्षा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पदोन्नत करने की मांग की है. सहायिकाओं को शत-प्रतिशत कार्यकर्ता पद पर पदोन्नति देने का प्रस्ताव भी रखा गया है.
सेवा समाप्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा के लिए कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि देने की मांग की गई है.
मोबाइल और इंटरनेट भत्ते को लेकर नाराजगी
कार्यकर्ताओं ने पोषण ट्रैकर और अन्य एप पर बढ़ते ऑनलाइन काम के अनुपात में संसाधन नहीं मिलने की बात कही है. उन्होंने उच्च गुणवत्ता वाले 5जी मोबाइल उपलब्ध कराने और इंटरनेट भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की है.
संघ ने मुनगा एप के जरिए काम लेने का विरोध करते हुए इसे बंद करने तथा महतारी वंदन योजना के काम के लिए प्रोत्साहन राशि देने की मांग की है.
मांगों पर शीघ्र पहल नहीं होने पर 17 से 19 नवंबर तक तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशभर की कार्यकर्ता और सहायिकाएं अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दे रही हैं.
