धमतरी शहर के विवेकानंद वार्ड की गली नंबर-3 स्थित अटल आवास में छत की सीलिंग अचानक भरभराकर गिर गई. घटना में घर के अंदर मौजूद रोशन कुमार टंडन घायल हो गए. उनके हाथ, पैर और सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
रोशन कुमार टंडन के मुताबिक, वह पंखा चालू करने के लिए बिजली बोर्ड के पास पहुंचे ही थे कि छत का पूरा सीलिंग नीचे गिर पड़ा. हादसे के समय वह घर में अकेले थे. परिवार के बच्चे बाहर खेल रहे थे, इसलिए वे मलबे की चपेट में आने से बच गए.
घटना के बाद अटल आवास में हड़कंप मच गया. रोशन के अनुसार, पार्षद को सूचना दी गई थी और वह मौके पर पहुंचीं.
जर्जर मकानों को लेकर रहवासियों में चिंता
रहवासियों का कहना है कि अटल आवास में करीब 100 परिवार पिछले 30 वर्षों से रह रहे हैं. उनके मुताबिक, ज्यादातर मकानों की हालत खराब हो चुकी है और जर्जर ढांचे के बीच रहना परिवारों के लिए लगातार चिंता का कारण बना हुआ है. छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी लोग आशंकित हैं.
अटल आवास विवेकानंद वार्ड के अध्यक्ष राजेश कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि रोशन कुमार टंडन घायल हुए हैं और यहां रहने वाले परिवारों को सुरक्षित आवास की जरूरत है. रहवासियों ने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मकानों की हालत सुधारने या नए मकानों का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है.
