छत्तीसगढ़ के धमतरी में भाजपा की पदयात्रा के दौरान पूर्व मंत्री और कुरूद विधायक अजय चंद्राकर मंच पर जाने के बजाय कार्यकर्ताओं के बीच नीचे बैठ गए. जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने उन्हें कई बार मंच पर आने का आग्रह किया, लेकिन चंद्राकर अपनी जगह पर बैठे रहे. बाद में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधन की बारी आने पर वे मंच पर पहुंचे.
यह पदयात्रा शनिवार को धमतरी के गौशाला मैदान से शुरू हुई और सिहावा चौक स्थित शांति वाटिका पहुंची. यहां कार्यक्रम के लिए मंच तैयार किया गया था. वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मंच पर मौजूद थे, जबकि कार्यकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था नीचे की गई थी. इसी दौरान चंद्राकर नीचे जाकर कार्यकर्ताओं के बीच बैठ गए.
मंच पर बुलाने के बाद भी नीचे बैठे रहे
प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने मंच से चंद्राकर को संबोधित करते हुए कहा कि उनका स्थान मंच पर है और उनके वहां बैठने से कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन मिलेगा. उन्होंने वरिष्ठ नेता के तौर पर चंद्राकर से मंच पर आने का अनुरोध किया. कई बार आग्रह के बावजूद चंद्राकर नीचे ही बैठे रहे. बाद में वर्मा अपना संबोधन पूरा कर मंच से नीचे आए और उनसे मुलाकात की.
जब चंद्राकर के नीचे बैठने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने किसी नाराजगी से इनकार किया. उन्होंने कहा कि कुरूद में भी वे पीछे बैठे थे और धमतरी में भी नीचे बैठे हैं. उनके मुताबिक, कार्यकर्ताओं के साथ बैठना और मंच पर बैठना—दोनों का अर्थ एक ही है. उन्होंने यह भी कहा कि वे पूरी पदयात्रा में शामिल रहे और रैली पूरी की.
श्रद्धांजलि को लेकर व्यवस्था पर टिप्पणी
मुख्य वक्ता के तौर पर मंच पर पहुंचने के बाद चंद्राकर ने कार्यक्रम की शुरुआत और व्यवस्था पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को कार्यक्रम शुरू होने से पहले श्रद्धांजलि दी जानी चाहिए थी. चंद्राकर ने कहा, “मंच में स्वागत नहीं करना था, श्रद्धांजलि देनी थी.” उनके अनुसार, उस समय भाजपा जिलाध्यक्ष स्वागत-सत्कार में व्यस्त थे.
प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने चंद्राकर के नीचे बैठने को नाराजगी से जोड़ने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और यहां नेता कभी मंच पर, कभी नीचे या कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर कार्यक्रम में शामिल होते हैं. उनके अनुसार, इस घटनाक्रम को विवाद के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.
