धमतरी में छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार, 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए. कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित प्रतिमा पर शहर के नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की. इसके बाद महाआरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया.
कार्यक्रम में बच्चों ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. पारंपरिक सुआ नृत्य के जरिए बच्चों ने प्रदेश की लोकपरंपरा की झलक दिखाई. आयोजन में शामिल लोगों ने छत्तीसगढ़ की पहचान, संस्कृति और गौरव के सम्मान के साथ प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और विकास में योगदान देने का संकल्प लिया.
शहर में प्रतिमाएं लगाने और चौक का नाम बदलने की मांग
कार्यक्रम के दौरान धमतरी शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमाएं स्थापित करने की मांग उठी. इसके लिए कलेक्टर, महापौर और विधायक को लिखित ज्ञापन देने का संकल्प लिया गया. मौजूदा प्रतिमा वाले चौक का नाम ‘छत्तीसगढ़ महतारी चौक’ रखने की मांग भी संबंधित जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के सामने रखने की बात कही गई.
ग्राम छाती में भी सुबह से स्थापना दिवस कार्यक्रम हुआ. गांव के बच्चे, युवा और बुजुर्ग प्रतिमा के पास एकत्र हुए और सामूहिक महाआरती में शामिल हुए. इसके बाद महाप्रसादी बांटी गई. मंचीय कार्यक्रम में ग्रामीणों और गांव के पदाधिकारियों ने बच्चों को छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान के महत्व के बारे में बताया.
शहर के कोष्टापारा वार्ड में छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना की गई. यहां ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के जयकारों के साथ 26वां स्थापना दिवस मनाया गया.
