धमतरी जिले के ग्राम परेवाडीह निवासी CRPF जवान सालिक ध्रुव का पार्थिव शरीर मंगलवार को गांव पहुंचा. उनके निधन की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई. ग्रामीणों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी.

स्कूल मैदान में CRPF अधिकारियों और जवानों ने बारी-बारी से पुष्पांजलि अर्पित की. इसके बाद सालिक ध्रुव को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए गांव में ले जाया गया, जिसके बाद उसे स्कूल मैदान में रखा गया था.

2016 में CRPF में भर्ती हुए थे

ग्रामीणों के मुताबिक, सालिक ध्रुव ने एमए तक पढ़ाई की थी. देशसेवा की भावना के चलते वे वर्ष 2016 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में भर्ती हुए. बाद में उन्हें 205 कोबरा बटालियन में शामिल किया गया.

205 कोबरा में सेवा के दौरान उन्होंने नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में हुए अभियानों में भी हिस्सा लिया था. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वे वर्तमान में बिहार के गया क्षेत्र में तैनात थे.

ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनका रायपुर में कुछ दिनों तक इलाज चला. इसी दौरान उनका निधन हो गया. उनके निधन पर CRPF के साथियों और ग्रामीणों ने श्रद्धांजलि दी. ग्रामीणों ने कहा कि देश के प्रति उनका समर्पण और सेवा भाव हमेशा याद रखा जाएगा.