छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र में चंदा दल का एक दंतैल हाथी घूम रहा है. वन विभाग के अनुसार हाथी छुही बीट के कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास मौजूद है. उसकी संभावित आवाजाही को देखते हुए आसपास के 10 गांवों और बस्तियों में लोगों को सतर्क किया गया है.
जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा को हाई अलर्ट पर रखा गया है. बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा गांवों के लोगों को भी सावधानी बरतने को कहा गया है. विभाग के मुताबिक हाथी आगे बढ़कर जोगीडीह के आबादी वाले इलाके और धमतरी-केरेगांव रेंज की ओर जा सकता है.
जंगल की ओर नहीं जाने की अपील
वन विभाग की टीम हाथी की लगातार निगरानी कर रही है. पीपरछेड़ी और कमारपारा समेत प्रभावित इलाकों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है. लोगों से कहा गया है कि वे हाथी के पास न जाएं और उसे परेशान करने या उसकी गतिविधि में बाधा डालने की कोशिश न करें.
विभाग ने अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर ग्रामीण तुरंत नजदीकी वन कर्मचारी को सूचना दें. इससे टीम समय पर मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर सकेगी.
गरियाबंद की ओर से पहुंचा हाथी
DFO कृष्ण जाधव के अनुसार, यह हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है. विभाग का कहना है कि हाथी पहले भी इस क्षेत्र में आ चुका है और उसकी आवाजाही से एक नियमित रास्ते का संकेत मिलता है. वह गरियाबंद से उत्तर सिंगपुर और धमतरी रेंज के डुबान क्षेत्र से होकर कभी लौटता है, तो कभी बालोद की ओर चला जाता है.
जाधव ने बताया कि हाथी सामान्य तौर पर शांत स्वभाव का है, लेकिन उसके करीब जाना खतरे का कारण बन सकता है. विभाग ग्रामीणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और हाथी को बिना छेड़े आगे बढ़ने देने की अपील कर रहा है.
