छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में मेडिकल कॉम्प्लेक्स के पास खड़ी एक Ford कार में बुधवार को अचानक आग लग गई. आग कार के इंजन वाले हिस्से से शुरू हुई और देखते ही देखते अगले हिस्से में फैल गई. घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी.

लोगों ने पहले बुझाने की कोशिश की

मौके पर मौजूद मीडियाकर्मी हेमलाल साहू ने लोगों को कार में आग लगने की सूचना दी. आसपास के लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वे लपटों पर पूरी तरह काबू नहीं पा सके. इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई.

दमकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग बुझा दी. तब तक कार का इंजन और अगला हिस्सा काफी हद तक जल चुका था. समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से आसपास खड़ी दूसरी गाड़ियों तक लपटें फैलने से बच गईं.

बताया जा रहा है कि कार संजय एजेंसी के सुनील मंजवानी की है. आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है. शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण की संभावना जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी. आग बुझाने वाली टीम में दिलीप निषाद, अरुण यादव, नोहर यादव और रोहित कुमार शामिल थे.