धमतरी जिले में मारागांव, मड़ेली, मोहेरा, हिर्रीडीह और सातबाहना की सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समितियों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर ग्राम सभाओं के अधिकार और स्थानीय भागीदारी मजबूत करने की मांग की है. समितियों ने ग्राम सभा की ओर से तैयार सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन कार्ययोजना को जिला स्तरीय प्रबंधन समिति के सामने रखने का आग्रह किया.
समिति प्रतिनिधियों के अनुसार, वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत ग्राम सभा और अधिकार-धारकों को सामुदायिक वन संसाधनों की रक्षा, संरक्षण, पुनर्जीवन और प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियां मिली हैं. उनका कहना है कि तैयार कार्ययोजना में स्थानीय जरूरतों को केंद्र में रखा गया है. इसमें वन संरक्षण के साथ आजीविका संवर्धन को भी शामिल किया गया है.
सातबाहना को अलग ग्राम का दर्जा देने की मांग
ग्रामीणों ने सातबाहना को स्वतंत्र ग्राम पंचायत का दर्जा देने की मांग भी रखी. आवेदन में सातबाहना को अलग पारंपरिक बस्ती बताते हुए कहा गया कि समुदाय लंबे समय से वहां रह रहा है और सामाजिक, सांस्कृतिक तथा सामुदायिक गतिविधियां संचालित होती हैं.
ग्रामीणों ने पेसा अधिनियम, छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम और वन अधिकार अधिनियम का हवाला देते हुए सातबाहना की भौगोलिक स्थिति तथा सामूहिक इच्छा का परीक्षण कराने की मांग की. आवेदन देने वालों में मनोज साक्षी, प्रमोद कुंजाम, मोहनलाल, राकेश, हीरालाल नेताम, महेंद्र, हेमेंद्र, भुनेश्वरी कश्यप, दुलारी, गेवेंद्र, धनराज और बलीराम सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे.
