छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है. पिछले दो दिनों से जारी बारिश के बीच जलाशयों में पानी की आवक बढ़ी है और जलस्तर को देखते हुए गंगरेल बांध के 14 गेट खोल दिए गए हैं.
बांध से 2.50 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है. इसमें रुद्री बैराज के जरिए 4 हजार क्यूसेक से अधिक पानी नहर में भेजा जा रहा है, जबकि 2.47 लाख क्यूसेक से अधिक पानी महानदी में प्रवाहित किया जा रहा है. जलाशय में पानी की आवक और आगे होने वाली बारिश की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ाई जा सकती है.
अन्य जलाशयों से भी पानी छोड़ा गया
सोंढूर जलाशय से करीब 27 हजार क्यूसेक, दुधावा जलाशय से 26 हजार क्यूसेक और मुरुमसिल्ली जलाशय से 12 हजार क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है. गंगरेल बांध के गेट खुलने और जलप्रवाह देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं.
जलाशयों से पानी छोड़े जाने के कारण महानदी सहित अन्य नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा है. बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले और जलभराव वाले इलाकों के पास नहीं जाने, अनावश्यक रूप से नदी-नालों को पार नहीं करने और बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखने की अपील की है.
जलस्तर बढ़ने या बाढ़ की स्थिति बनने पर नागरिकों से प्रशासन और स्थानीय अमले के निर्देशों का पालन करने तथा जरूरत पड़ने पर चिन्हित सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा गया है. आपात स्थिति में जिला कंट्रोल रूम के नंबर 07722-232249 पर संपर्क किया जा सकता है.
