छत्तीसगढ़ के धमतरी में बिलाई माता रोड स्थित ‘जेल’ कैफे में शनिवार सुबह एक युवक मृत मिला. मृतक की पहचान रिसाईपारा निवासी प्रियांशु ठाकुर के रूप में हुई है. बताया गया है कि वह इसी कैफे में काम करता था.
जानकारी के अनुसार, सुबह कैफे पर पहुंचे कर्मचारियों ने अपने साथी को मृत अवस्था में देखा. इसके बाद कैफे संचालक और पुलिस को घटना की सूचना दी गई. सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की.
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई और पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं होने की बात सामने आई है.
पुलिस के अनुसार, युवक की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जानकारी जुटा रही है. कैफे संचालक तथा वहां काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
