छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में धमतरी-कांकेर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी. हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र की बताई गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कार धमतरी से कांकेर की ओर जा रही थी. इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया. कार नेशनल हाईवे से उतरने के बाद कई बार पलटी और सड़क से करीब 25 फीट दूर स्थित खेत में जा गिरी. खेत सड़क से लगभग 5 फीट नीचे बताया गया है.
हादसे में एक व्यक्ति कार से बाहर जा गिरा, जबकि दूसरा वाहन के अंदर फंस गया. टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को बाहर निकालने में मदद की और डायल 112 को सूचना दी.
इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से धमतरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
