धमतरी जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र की छुही बीट में एक दंतैल हाथी के विचरण से ग्रामीण इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है. वन विभाग के मुताबिक, हाथी फिलहाल कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास मौजूद है. उसके जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और धमतरी केरेगांव रेंज की ओर बढ़ने की आशंका जताई गई है.

हाथी की मौजूदगी को देखते हुए जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा समेत आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है. बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा में भी ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा गया है. विभाग ने हाथी के आसपास करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों पर विशेष निगरानी रखने की बात कही है.

वन विभाग की टीमें इलाके में लगातार हाथी की लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रख रही हैं. पीपरछेड़ी और कमारपारा समेत प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को सावधान किया जा रहा है.

विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और उसे किसी भी तरह परेशान न करें. हाथी की सूचना तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी को देने को कहा गया है. बताया जा रहा है कि दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है.