छत्तीसगढ़ के धमतरी और कोंडागांव जिलों के गांवों में दो दिनों से लोगों पर हमला कर रहे तेंदुए को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. हमलों में 16 लोग घायल हुए, जबकि दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों में कोंडागांव जिले के बस्तर बुडरा गांव की गर्भवती महिला रमशीला मंडावी और आमागांव के प्रभु लाल शामिल हैं.

तेंदुए के हमलों से उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के कारीपानी, आमागांव, बहीगांव, आमानारा और आसपास के गांवों में दहशत फैल गई थी. घायलों का धमतरी और कोंडागांव जिले के अस्पतालों में इलाज चल रहा है.

कारीपानी में तीन लोगों पर हमला

धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र के कारीपानी गांव में बुधवार देर रात एक घर के बाहर बंधे बैल के चिल्लाने की आवाज सुनकर बुजुर्ग उर्मिला बाई मरकाम बाहर निकलीं. वहां मौजूद तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया. आवाज सुनकर बाहर आए सुंदर लाल नेताम पर भी तेंदुए ने हमला किया. इसके बाद वह पास के एक अन्य घर में पहुंचा और वहां मौजूद एक महिला को घायल कर दिया. तीनों घायलों को नगरी के सिविल अस्पताल ले जाया गया.

आंगन में बैठे परिवार पर किया हमला

कोंडागांव जिले के बस्तर बुडरा गांव में गुरुवार सुबह करीब पांच बजे परिवार के सदस्य आंगन में मक्का छील रहे थे. इसी दौरान तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया. घटना में पांच लोग घायल हुए. घायलों में रमशीला मंडावी, देवलाल वट्टी, दुआरुराम मंडावी और लता मंडावी शामिल थे. सभी को विश्रामपुरी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रमशीला मंडावी की मौत हो गई.

वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था, लेकिन वह उसमें नहीं फंसा. इसके बाद शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने लकड़ियों और जाली की मदद से उसे चारों ओर से घेरकर काबू किया. सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को अपने कब्जे में ले लिया.

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के एसडीओ बाल गोविंद साहू के अनुसार, तेंदुए के असामान्य व्यवहार के पीछे बीमारी या रेबीज संक्रमण की आशंका हो सकती है. उन्होंने कहा कि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी. प्राथमिक उपचार के बाद तेंदुए को जांच के लिए जंगल सफारी भेजे जाने की बात कही गई है.