छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में एक युवती पर चाकू से हमला करने के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है. हमले में युवती को कमर, जांघ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे घाव आए हैं. उसका इलाज धमतरी के एक निजी अस्पताल में जारी है.

पुलिस के अनुसार, घायल युवती की पहचान अनीता मंडावी के रूप में हुई है. वह कोंडागांव की रहने वाली है और बालाजी राइस मिल में काम करती है. आरोपी युवक की पहचान दिलेश्वर के रूप में बताई गई है, जो भाटा गांव का निवासी है और उसी मिल में काम करता है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध था. आरोपी को कथित तौर पर इस बात का शक था कि उसके पैसों से युवती के मोबाइल में कराया गया रिचार्ज किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत के लिए इस्तेमाल हो रहा है. इसी संदेह के चलते उसके युवती के घर में घुसकर हमला करने की बात सामने आई है.

हमले के बाद युवती को पहले कुरूद अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उसे धमतरी के निजी अस्पताल रेफर किया गया. कुरूद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की आगे जांच शुरू कर दी है. पुलिस हमले की परिस्थितियों और दोनों के बीच हुए विवाद से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है.