छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मोबाइल चलाने की बात को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में एक युवक की मौत हो गई. घटना खल्लारी थाना क्षेत्र के वनांचल गांव फरसगांव की है. पुलिस ने मृतक के बड़े भाई कैलाश सोरी को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को कुंदन सोरी घर में मोबाइल चला रहा था. इसी दौरान उसके बड़े भाई कैलाश ने उसे मोबाइल बंद करने और समय बर्बाद न करने की बात कही. इस मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में हिंसक हो गई.

आरोप है कि कैलाश ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से कुंदन पर हमला किया. सिर में गंभीर चोट लगने के बाद कुंदन की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने खल्लारी थाना पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना के बाद थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक कार्रवाई और पूछताछ के बाद आरोपी कैलाश सोरी को गिरफ्तार किया गया.

पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है. घटना के बाद फरसगांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है.