छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मोहरेगा गांव में ग्रामीणों ने पूर्ण शराबबंदी लागू करने का सामूहिक निर्णय लिया है. इसके तहत गांव में शराब लाने, बेचने और पीने पर रोक रहेगी. ग्रामसभा में तय किया गया कि शराब बेचने वाले पर ₹20 हजार और खरीदने वाले पर ₹15 हजार का जुर्माना लगाया जाएगा.

शराब बेचने या खरीदने वाले की सूचना देकर उसे पकड़वाने में मदद करने वाले व्यक्ति को ₹11 हजार का पुरस्कार देने का भी फैसला लिया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जुर्माने की राशि ग्राम विकास समिति को देनी होगी. इन फैसलों को ग्रामसभा के सामुदायिक नियमों के रूप में लागू कराने के लिए निगरानी समिति गठित की गई है.

नशीली सामग्री और सार्वजनिक व्यवहार पर भी नियम

गांव के दुकानदारों को 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को किसी भी तरह की नशीली सामग्री बेचने से रोक दिया गया है. खुले डिस्पोजल और पानी के पाउच की बिक्री पर भी प्रतिबंध का निर्णय लिया गया है. गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर तेज रफ्तार में वाहन चलाने, गाली-गलौज या अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और जुर्माने की व्यवस्था की गई है.

होली, दिवाली, रामायण और नवरात्र जैसे पर्वों के दौरान नशे की हालत में उपद्रव करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों ने कहा कि बढ़ती नशाखोरी युवाओं और आने वाली पीढ़ी के लिए चिंता का विषय है.

बैठक में करेली चौकी प्रभारी राधेश्याम बंजारे मौजूद रहे. उन्होंने ग्रामीणों की पहल की सराहना की और शराब बेचने वालों पर लागू कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. ग्रामीणों ने अपने फैसले की जानकारी धमतरी कलेक्टर कार्यालय में भी दी. महासभा में ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष गणपत पटेल, सचिव राजकुमार पटेल, सरपंच प्रीति भूपेंद्र ध्रुव, उपसरपंच कुलाश यादव समेत ग्रामीण शामिल हुए.