गणेशोत्सव के बीच धमतरी नगर निगम को शासन की ओर से दो नए ट्रैक्टर मिले हैं. दोनों वाहनों की कुल लागत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है. नए ट्रैक्टर मिलने के बाद निगम के पास अब कुल पांच ट्रैक्टर इंजन हो गए हैं.
नगर निगम परिसर में नए वाहनों की पूजा-अर्चना की गई और मिठाई बांटी गई. इसके बाद महापौर रामू रोहरा ने खुद ट्रैक्टर चलाकर परिसर का चक्कर लगाया. पीडब्ल्यूडी सभापति विजय मोटवानी ने भी ट्रैक्टर चलाकर शुभारंभ में हिस्सा लिया. बाद में दोनों ने ट्रैक्टर चालकों को वाहनों की चाबी सौंपी. इस दौरान निगम के पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
महापौर रामू रोहरा ने नए ट्रैक्टर मिलने पर मुख्यमंत्री और शासन के मंत्रियों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान निगम को यह सौगात मिलने से खुशी दोगुनी हो गई है. महापौर ने भगवान गणेश की परिक्रमा से जुड़े प्रसंग का उल्लेख करते हुए नए ट्रैक्टर को खुद चलाकर नगर निगम परिसर का चक्कर लगाने को उससे जोड़ा.
पीडब्ल्यूडी सभापति विजय मोटवानी के मुताबिक, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस दोनों ट्रैक्टरों का इस्तेमाल निगम क्षेत्र में अलग-अलग कामों के लिए किया जाएगा. नए संसाधनों से निगम के रोजमर्रा के कामकाज, सफाई और अन्य मैदानी गतिविधियों में सहूलियत मिलने की उम्मीद है.
जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने बताया कि जल और स्वास्थ्य विभाग में ड्राइवर लंबे समय से नए ट्रैक्टरों की मांग कर रहे थे. उनके अनुसार, नए ट्रैक्टरों से लोगों तक पानी के टैंकर पहुंचाने में आने वाली दिक्कत कम होगी और काम में तेजी आएगी.
