छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नवागांव में 55 वर्षीय महिला की मौत के बाद अंतिम संस्कार की परंपरा को लेकर विवाद हो गया. ग्रामीणों और समाज के कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि परिवार पिछले कुछ वर्षों से ईसाई मिशनरी से जुड़ा था और गांव के सामाजिक रीति-रिवाजों से अलग रह रहा था. मामला सिहावा थाना क्षेत्र का बताया गया है.
मृतका की पहचान पियन साहू के रूप में हुई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह तलाकशुदा थीं और अपने भाई उमेश साहू के साथ रहती थीं. उनके अचानक निधन के बाद परिवार ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू की. इसी दौरान ग्रामीणों और समाज के लोगों ने अंतिम संस्कार गांव की परंपरा के अनुसार करने की मांग रखी.
ग्रामीणों का कहना था कि गांव में किसी की मौत होने पर समुदाय लकड़ी और अन्य जरूरी सामान जुटाने के साथ अंतिम संस्कार में सहयोग करता है. परिवार के समाज से अलग रहने को लेकर इसी सहयोग और रीति-रिवाजों पर विवाद की स्थिति बनी.
बैठक के बाद बनी सहमति
विवाद के बाद सरपंच, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष और समाज के प्रमुख लोगों ने परिवार से बातचीत की. कई घंटे चली बैठक में परिवार ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार करने और आगे गांव व समाज के कार्यक्रमों में शामिल होने पर सहमति जताई. इसके बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में महिला का अंतिम संस्कार हिंदू परंपरा के अनुसार किया गया.
सहमति के बाद परिवार को समाज में दोबारा शामिल करने की रस्में भी कराई गईं. गांव के मंदिर में पूजा-अर्चना, नारियल फोड़ने और प्रसाद बांटने के बाद परिवार के सदस्यों के पैर धोए गए. गंगाजल का छिड़काव किया गया, उन्हें तुलसी पत्र खिलाया गया और तिलक लगाया गया.
मृतका के भाई उमेश साहू ने बताया कि उनका परिवार करीब आठ साल से ईसाई मिशनरी से जुड़ा था. उनके अनुसार, अंतिम संस्कार के समय विवाद की स्थिति बनी थी, जिसके बाद बैठक में समाज के साथ रहने की बात तय हुई.
