छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गाली-गलौज करने से रोकने पर पड़ोसी पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है. घटना मगरलोड थाना क्षेत्र की करेलीबड़ी चौकी की बताई गई है. हमले में रोशन साहू गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका रायपुर के एक अस्पताल की ICU में इलाज चल रहा है.

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी अवधराम साहू अपने घर की बाड़ी में आए दिन गाली-गलौज करता था. तामेश्वरी साहू के पति रोशन साहू और पड़ोसी चुम्मन साहू ने उसे ऐसा करने से मना किया. आरोप है कि इससे नाराज होकर अवधराम ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और सब्जी काटने वाले धारदार स्टील के चाकू से रोशन के पेट पर वार कर दिया.

घटना के बाद रोशन साहू को तत्काल रायपुर ले जाया गया, जहां उन्हें ICU में भर्ती कराया गया. उनका इलाज जारी है.

पुलिस ने चाकू बरामद किया

शिकायत के आधार पर करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर अवधराम साहू को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार स्टील का चाकू बरामद कर जब्त किया गया है. आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. मामले में आगे की जांच जारी है.