धमतरी जिले में पुलिस की अनुशंसा पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने ओंकार रजक उर्फ रवि रजक को एक साल के लिए जिला-बदर करने का आदेश जारी किया है. आदेश के तहत उसे धमतरी समेत रायपुर, दुर्ग, बालोद, कांकेर, कोण्डागांव और गरियाबंद की राजस्व सीमाओं से बाहर रहना होगा.

ओंकार रजक फिलहाल धमतरी जिला जेल में बंद है. जिला-बदर की अवधि उसकी जेल से रिहाई की तारीख से शुरू होगी. इस दौरान इन जिलों में प्रवेश करने के लिए सक्षम अनुमति लेना जरूरी होगा.

पुलिस रिकॉर्ड के आधार पर कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, धमतरी के रामसागरपारा निवासी 24 वर्षीय ओंकार रजक के खिलाफ वर्ष 2019 से सिटी कोतवाली में मामले दर्ज होते रहे हैं. पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के दो अलग-अलग मामलों के अलावा मारपीट, बलवा, जान से मारने की धमकी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल पांच गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी दी है.

पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ चार प्रतिबंधात्मक इस्तगासे भी पेश किए गए थे और वर्ष 2025 में उसे सामाजिक गुंडा सूची में शामिल किया गया था. पुलिस का कहना है कि इन कार्रवाइयों के बावजूद उसकी गतिविधियों में सुधार नहीं हुआ और क्षेत्र में भय का माहौल बना रहा. इसके बाद छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत कार्रवाई की गई.

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक तीन आदतन बदमाशों पर जिला-बदर की कार्रवाई हुई है. वर्ष 2025 में 11 लोगों को जिला-बदर किया गया था.