धमतरी जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी. जिला प्रशासन ने इस वर्ष 108 उपार्जन केंद्रों पर खरीदी की व्यवस्था की है. इनमें आठ केंद्र नए जोड़े गए हैं. जिले के लिए कुल 66 लाख क्विंटल धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य तय किया गया है.

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी केंद्रों पर किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने टोकन वितरण, भीड़ प्रबंधन, धान की गुणवत्ता जांच और भुगतान प्रक्रिया में लापरवाही नहीं बरतने को कहा.

15 नवंबर को खरीदी के लिए अब तक 83 केंद्रों पर 554 किसानों ने टोकन लिया है. इन किसानों से लगभग 20 हजार क्विंटल धान खरीदी प्रस्तावित है. प्रशासन के अनुसार, टोकन व्यवस्था से केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ कम करने में मदद मिलेगी.

धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर निगरानी के लिए जिले में छह चेक पोस्ट बनाए गए हैं. ये बोरई, बनरौद, सांकरा, बांसपानी, जैतपुरी और मोहेरा में स्थित हैं. यहां जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है.

प्रशासन ने किसानों से निर्धारित टोकन तिथि और समय पर ही केंद्र पहुंचने तथा धान को तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार करके लाने की अपील की है.