छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के मेघा गांव में एक पेट्रोल पंप में आग लगाने की कोशिश का मामला सामने आया है. घटना माता रानी फ्यूल्स की है. पुलिस के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने पहले पेट्रोल-डीजल की मशीन के नोजल के पास माचिस से आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन आग नहीं लगी. इसके बाद उसने पेट्रोल पंप के पास खड़ी दो मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया.

बताया गया है कि संदिग्ध व्यक्ति घटना से करीब दो घंटे पहले पेट्रोल पंप पर आया था और कर्मचारियों से गाली-गलौज करने के बाद चला गया. बाद में वह दोबारा वहां पहुंचा. CCTV फुटेज में कथित तौर पर उसी संदिग्ध को नोजल के पास आग लगाने की कोशिश करते देखा गया है. हालांकि, इस पहचान की पुलिस जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने एकलव्य यादव की मोटरसाइकिल की डिक्की में माचिस से आग लगाई और फिर दूसरी बाइक को भी जला दिया. दोनों वाहनों में आग फैलने पर पेट्रोल पंप के पास रहने वाले कृपा राम की नजर पड़ी. उन्होंने कर्मचारियों को जगाया, जिसके बाद फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाई गई. आगजनी में दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह जल गईं.

पेट्रोल पंप संचालक सुरेंद्र सिन्हा ने मगरलोड थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296 और 326(f) के तहत मामला दर्ज किया है.

धमतरी की पुलिस अधीक्षक भावना पांडे ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है. उन्होंने कहा कि जांच में प्रगति के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी. पेट्रोल पंप पर ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण पुलिस घटना को गंभीरता से ले रही है.