धमतरी जिले में खुद को पुलिसकर्मी बताकर अपहरण और लूटपाट करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास आडिल और साहिल अली के रूप में हुई है. इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है.

घटना 3 मार्च 2026 की है. शिकायतकर्ता देवेंद्र कुमार मारकंडे अपने साथियों फगेश्वर कुमार, लक्ष्मण यादव, लीलेश कुमार और दुर्गेश कुमार के साथ पिकअप वाहन से बछड़ों को लेकर मुड़केरा जा रहे थे. वे कुरुद थाना क्षेत्र के ग्राम छाती के निवासी बताए गए हैं.

पुलिस के मुताबिक, आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर सफेद Swift कार से आए आरोपियों ने उनका रास्ता रोका और खुद को पुलिसकर्मी बताया. आरोप है कि उन्होंने देवेंद्र और उनके साथियों को डराया-धमकाया, गाली-गलौज की और मारपीट की. इसके बाद देवेंद्र को कथित तौर पर अगवा कर दुगली की ओर ले जाया गया.

रास्ते में देवेंद्र से 13,800 रुपये नकद लिए गए और PhonePe के जरिए 30,000 रुपये जबरन ट्रांसफर करवाए गए. शिकायत के आधार पर मगरलोड थाने में मामला दर्ज किया गया था.

पहले तीन आरोपी गिरफ्तार

मगरलोड पुलिस ने पहले ओमकार कुर्रे, चांद कुर्रे और राहुल कुर्रे को गिरफ्तार किया था. तीनों धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम पाईकभाठा के रहने वाले बताए गए हैं. उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है.

पुलिस के अनुसार, मामले में कार और मोबाइल समेत कुल 7.58 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है. विकास आडिल और साहिल अली घटना के बाद से फरार थे. गिरफ्तारी के बाद दोनों को प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.