चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित असर को देखते हुए धमतरी जिला प्रशासन ने 28 और 29 अक्टूबर को मौसम खराब होने की आशंका के बीच तैयारियां तेज कर दी हैं. कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किसानों और जिले के लोगों से सतर्क रहने तथा जान-माल की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है.

किसानों को फसल बचाने की सलाह

कलेक्टर ने किसानों से कहा है कि कट चुकी फसल का जल्द उठाव कर उसे सुरक्षित स्थान पर रखें. खेतों में खड़ी फसल को भी संभावित बारिश और तेज हवाओं से बचाने के लिए जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. प्रशासन ने फिलहाल नई बुवाई से बचने को कहा है, ताकि मौसम खराब होने पर नुकसान कम किया जा सके.

मौसम बिगड़ने की स्थिति में हवा की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है. लोगों को बिजली के खंभों, तारों और पेड़ों से दूर रहने की सलाह दी गई है. पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा गया है.

गंगरेल बांध और राहत व्यवस्था पर नजर

बारिश के दौरान गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने की संभावना को देखते हुए लोगों से जलाशयों और अन्य जलभराव वाले स्थानों के आसपास नहीं जाने की अपील की गई है. बांध में जल प्रबंधन के लिए स्टोरेज व्यवस्था रखी गई है.

आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन कैंप चिह्नित किए गए हैं. कमांड कंट्रोल रूम तैयार किया गया है और एसडीआरएफ को अलर्ट पर रखा गया है. जरूरत पड़ने पर एनडीआरएफ की टीम बुलाने की बात भी कही गई है.

अत्यधिक बारिश होने पर परिस्थितियों के अनुसार स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद किए जा सकते हैं. सीएसईबी, नगर निगम, राजस्व विभाग और जिला पंचायत समेत संबंधित विभागों को समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं.