छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने के साथ प्रशासन ने अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ जांच तेज कर दी है. धमतरी जिले के ग्राम भोयना स्थित ए.के. राइस इंडस्ट्रीज और उसकी यूनिट-2 से प्रशासनिक टीम ने 32,878 क्विंटल धान और 1,425 क्विंटल चावल जब्त किया है.
राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने दोनों इकाइयों का आकस्मिक निरीक्षण किया. जांच के दौरान फर्म के संचालक अकील अहमद खान मौके पर मौजूद नहीं थे. मिल में मौजूद मुंशी सोहेल रजा अधिकारियों के सामने धान और चावल से संबंधित स्टॉक पंजी तथा अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके.
रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने के बाद टीम ने दोनों इकाइयों में रखे खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन किया. अधिकारियों के अनुसार, जांच में करीब 80 हजार कट्टा धान, जो 32,878 क्विंटल बताया गया है, और 1,425 क्विंटल चावल मिला. जब्त खाद्यान्न को मौके पर मौजूद मुंशी की सुपुर्दगी में दिया गया. दोनों इकाइयों में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत कस्टम मिलिंग का चावल जमा करने का काम चल रहा था.
बिलाईगढ़ और सालर में भी जब्ती
बिलाईगढ़ स्थित मेसर्स रोहित कुमार देवांगन के व्यापारिक प्रतिष्ठान से प्रशासन ने 2,700 बोरी धान जब्त किया. सालर गांव में भंडारण की जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर 98 कट्टा धान भी जब्त किया गया. संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है.
प्रशासन ने धान के अवैध परिवहन पर निगरानी के लिए 21 जांच चौकियां बनाई हैं. इनमें 11 अंतरराज्यीय और 10 अंतरजिला चेकपोस्ट शामिल हैं. अधिकारियों के अनुसार, इन चौकियों पर वाहनों और धान की आवाजाही की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है.
