धमतरी जिले में पंजीकृत श्रमिकों के ई-केवाईसी और पंजीयन संबंधी जानकारी को आधार के अनुरूप अपडेट कराने के लिए 15 दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया गया है. प्रशासन ने जनपद पंचायत और नगरीय निकाय स्तर पर प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं.

जिले में छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल तथा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के तहत करीब 1.15 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं. इनमें से अब तक 7,900 श्रमिकों का ई-केवाईसी पूरा हुआ है, जबकि लगभग 1,07,100 श्रमिकों का डेटा संशोधन और ई-केवाईसी अभी बाकी है.

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त करने और अधिकृत कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से पंजीयन सुधार तथा दस्तावेज अपलोड कराने के निर्देश दिए. ई-केवाईसी और संबंधित संशोधन के लिए श्रमिकों को प्रति आवेदन 20 रुपये शुल्क देना होगा.

श्रमिकों को क्या साथ ले जाना होगा

श्रमिकों से कहा गया है कि वे नजदीकी अधिकृत CSC केंद्र पर श्रम कार्ड, बैंक पासबुक और चालू मोबाइल नंबर लेकर जाएं. अभियान की जानकारी देने के लिए मुनादी और व्यक्तिगत संपर्क का भी निर्देश दिया गया है. नोडल अधिकारियों, पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों और कोटवारों को लक्ष्य पूरा कराने की जिम्मेदारी दी गई है. अधिकारियों को हर सप्ताह प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी.

प्रशासन के अनुसार, जानकारी अपडेट नहीं होने पर श्रमिकों को शासन की श्रम कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई आ सकती है.