धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच ग्राम चर्रा में बीमार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को जोखिम उठाना पड़ा. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उल्टी-दस्त से गोपेश कुमार पटेल की तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें रात में अस्पताल ले जाना संभव नहीं हो सका.
सुबह डुमर नाले का जलस्तर कुछ कम हुआ, लेकिन उसमें अब भी कमर तक पानी भरा था. इसके बाद ग्रामीणों ने गोपेश को खटिया पर बैठाया और उसे उठाकर नाला पार कराया. बाद में उन्हें शुरुआती इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. उनकी हालत फिलहाल ठीक बताई गई है.
सरपंच समेत ग्रामीणों ने उठाई खटिया
ग्राम पंचायत लटियारा के सरपंच रुपेश कुमार ध्रुव के साथ दीपक मंडावी, चंदर लाल पटेल, लछमन ध्रुव, राजेंद्र मरकाम, यशवंत मरकाम और बीरबल नेताम ने मरीज को नाला पार कराने में मदद की.
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में डुमर नाला पार करना मुश्किल हो जाता है. उन्होंने ग्राम चर्रा के डुमर नाले पर जल्द पुलिया बनाने की मांग शासन-प्रशासन से की है, ताकि आपात स्थिति में लोगों को इलाज के लिए ले जाने में परेशानी न हो.
