धमतरी जिले में महिलाओं को कौशल और कारोबार से जोड़ने के लिए ‘स्त्री स्किल सेंटर’ शुरू किया गया है. जिला प्रशासन और एनआईटी रायपुर की इस पहल का लक्ष्य 200 महिलाओं को ‘करोड़पति दीदी’ बनाने की दिशा में तैयार करना है. यह केंद्र भोपालराव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, रूद्री में शुरू हुआ है.
केंद्र में महिलाओं को हैंडलूम और टेक्सटाइल से जुड़े उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसके साथ ही उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने, व्यवसाय संचालित करने, ब्रांडिंग और मार्केटिंग के तरीके भी सिखाए जाएंगे. महिलाओं को बाजार की मांग समझने और अपने उत्पाद ग्राहकों तक पहुंचाने की जानकारी देने पर भी जोर रहेगा.
पारंपरिक बुनकरी को बाजार से जोड़ने की योजना
पहल का उद्देश्य धमतरी की पारंपरिक बुनकरी और स्थानीय हस्तनिर्मित उत्पादों को आधुनिक तकनीक और उद्यमिता से जोड़ना है. प्रशासन के अनुसार, इससे उत्पादों के डिजाइन और गुणवत्ता में सुधार कर उन्हें बड़े बाजार तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है. राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए स्थानीय उत्पादों को तैयार करने की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा.
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि खेती के बाद जिले में बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका हैंडलूम और बुनकरी से जुड़ी है. उनके अनुसार, बेहतर तकनीक, गुणवत्ता, डिजाइन और ब्रांडिंग के जरिए स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिल सकते हैं. उन्होंने स्त्री स्किल सेंटर को महिलाओं और स्थानीय बुनकरों के लिए नया मंच बताया.
महापौर रामू रोहरा ने महिलाओं को कौशल और उद्यमिता से जोड़ने की आवश्यकता बताई. एनआईटी रायपुर के फैकल्टी इंचार्ज अनुज शुक्ला ने कहा कि संस्थान की तकनीकी और प्रशिक्षण सुविधाओं का लाभ महिलाओं व स्थानीय उद्यमियों को मिलेगा. इस अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय और वैज्ञानिक-औद्योगिक अनुसंधान विभाग के सहयोग से एक दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम भी आयोजित किया गया.
