धमतरी की अदालत ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में एक युवक की पत्नी, सास-ससुर और दो सालियों समेत पांच आरोपियों को दोषी ठहराया है. अदालत ने सभी को पांच-पांच साल के सश्रम कारावास और 500-500 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई. मामला जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के पोटियाडीह गांव का है.
अभियोजन पक्ष के अनुसार, 6-7 दिसंबर 2024 की रात नीलेश साहू ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. आत्महत्या से पहले उसने WhatsApp स्टेटस पर पत्नी और ससुराल पक्ष की ओर से मानसिक प्रताड़ना तथा ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया था.
मृतक के संदेश के अनुसार, वह पत्नी से परेशान था और उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जा रहा था. उसने यह भी आरोप लगाया था कि ससुराल जाने पर उसकी सास और सालियां भी उस पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव डालती थीं.
अभियोजन के मुताबिक, नीलेश की शादी रायपुर निवासी करुणा साहू से हुई थी. शादी के करीब एक साल तक दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रहा और उनका एक बच्चा भी हुआ. बाद में दंपती के बीच विवाद शुरू हो गया. मामले में आरोप था कि पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोग नीलेश को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे.
पुलिस ने मामले में करुणा साहू (27), गौरी साहू (48), राजकुमार साहू (54), किरण साहू (31) और कनिष्का साहू (19) को गिरफ्तार किया था. सभी आरोपी रायपुर निवासी बताए गए हैं.
सुनवाई के दौरान अभियोजन ने गवाहों के बयान, WhatsApp स्टेटस और अन्य साक्ष्य अदालत के सामने रखे. लोक अभियोजक गीतेश प्रजापति के अनुसार, अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पांचों आरोपियों को दोषी माना. सभी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत सजा दी गई है.
