छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले की तीन युवतियों का चयन Foxconn के बेंगलुरु स्थित संयंत्र के लिए हुआ है. संजना साहू, रंजना साहू और निकिता ने मधुरिमा गुरुकुल SEDI में इलेक्ट्रीशियन ट्रेड का प्रशिक्षण लिया था. कंपनी की ओर से उन्हें शुरुआत में करीब ₹20 हजार प्रतिमाह CTC का रोजगार ऑफर मिला है.
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद तीनों Apple iPhone समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की असेंबली और निर्माण से जुड़े काम करेंगी. Foxconn Apple के लिए iPhone और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की असेंबली से जुड़ी कंपनी है.
पुरुष-प्रधान ट्रेड में प्रशिक्षण
इलेक्ट्रीशियन ट्रेड को आम तौर पर पुरुष-प्रधान क्षेत्र माना जाता है. ऐसे में इस ट्रेड में प्रशिक्षण लेकर औद्योगिक रोजगार हासिल करना तीनों युवतियों की उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है. प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने वायरिंग, इलेक्ट्रिकल सिस्टम, उपकरणों के इस्तेमाल, मशीनरी संचालन और विद्युत सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक कौशल सीखे.
इनके चयन की जानकारी लेने के लिए धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा और नगर निगम महापौर रामू रोहरा मधुरिमा गुरुकुल SEDI पहुंचे. उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से मुलाकात कर प्रशिक्षण और रोजगार की संभावनाओं की जानकारी ली. दोनों ने युवतियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया.
