छत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस ने हेरोइन यानी चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई सिटी कोतवाली पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से की. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन, नकदी, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन समेत कुल 3 लाख 53 हजार 520 रुपये का सामान जब्त किया गया है.

पुलिस को सूचना मिली थी कि सोरिद नगर स्थित शीतला मंदिर के पास कुछ युवक चिट्टा बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं. सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया. यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत की गई.

15 ग्राम हेरोइन और अन्य सामान बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने 15 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है. इसके अलावा 9 हजार रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, तीन मोबाइल फोन और दो लाइटर भी जब्त किए गए. पुलिस के मुताबिक, सभी जब्त सामान की कुल कीमत 3 लाख 53 हजार 520 रुपये है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव उर्फ बब्लू सोनी, शुभम सोनी और आशुतोष उर्फ आशु तिवारी के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कथित मुख्य सप्लायर की जानकारी सामने आई है. उसकी तलाश की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है.

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है.