धमतरी के टिकरापारा वार्ड में रविवार को एक निजी मकान में आयोजित चंगाई सभा को लेकर विवाद हो गया. हिंदू जागरण मंच और सर्व हिंदू समाज से जुड़े कार्यकर्ताओं ने सभा की आड़ में गैर-ईसाइयों का अवैध मतांतरण कराने का आरोप लगाते हुए आयोजन स्थल का घेराव किया. आयोजक पक्ष ने इन आरोपों से इनकार किया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ गतिरोध दोपहर बाद लगभग 3 बजे तक चला. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक हुई. धमतरी-जगदलपुर मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ. सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस, एसडीएम पीयूष तिवारी, तहसीलदार कुसुम प्रधान और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे.

पुलिस ने एहतियात के तौर पर सभा में शामिल होने पहुंचे बाहरी लोगों को मकान के भीतर जाने से रोक दिया. विवाद बढ़ने पर महापौर रामू रोहरा भी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की.

विरोध के बाद हिंदू जागरण मंच ने तहसीलदार के माध्यम से अनुविभागीय अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा. इसमें प्रार्थना सभाओं की निष्पक्ष जांच, आयोजकों और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 2026 के प्रावधानों के पालन की मांग की गई. मंच ने कानून का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की मांग भी की है.

सर्व हिंदू समाज के अध्यक्ष महेश रोहरा और हिंदू जागरण मंच के प्रांत युवा प्रमुख दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि शांति समिति की बैठक में सभा में केवल ईसाई समुदाय के लोगों के शामिल होने की बात तय हुई थी. दूसरी ओर, सभा में पहुंचीं बालोद जिले के फागुनदाह गांव की पुष्पा साहू ने कहा कि वहां धर्म परिवर्तन नहीं कराया जा रहा था.

धमतरी जिला क्रिश्चियन फोरम के जनरल सेक्रेटरी डॉ. डायमंड फिलस ने संविधान के अनुच्छेद 25 का हवाला देते हुए कहा कि लोग अपनी इच्छा से सभा में आते हैं और किसी पर दबाव नहीं बनाया जाता.