धमतरी जिले में वीबा ब्रांड की अंडारहित मेयोनीज के एक बैच के विक्रय, वितरण और भंडारण पर तत्काल रोक लगा दी गई है. बस्तर जिले में लिए गए नमूने की प्रयोगशाला जांच में प्रोपाइल गैलेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई, जिसके बाद उत्पाद को असुरक्षित घोषित किया गया.

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, धमतरी के अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि बस्तर की टीम ने वीबा मेयोनीज का नमूना जांच के लिए भेजा था. कैली लैब, भोपाल की रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित उत्पाद के खिलाफ कार्रवाई की गई.

दुकानदारों को क्या निर्देश दिए गए

जिले के सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं से कहा गया है कि वे संबंधित मेयोनीज को अपने परिसर में दूसरे खाद्य पदार्थों से अलग सुरक्षित स्थान पर रखें. खाद्य सुरक्षा और मानक विनियम, 2017 के तहत इसे आपूर्तिकर्ता को वापस भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं.

विभाग के अनुसार धमतरी शहर के स्ट्रीट फूड स्टॉलों का निरीक्षण किया जाएगा. जांच के दौरान यदि किसी दुकान पर संबंधित बैच की मेयोनीज का इस्तेमाल मिलता है, तो दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

कार्रवाई वाला उत्पाद वीबा ब्रांड की अंडारहित मेयोनीज है. इसका बैच नंबर K-182, निर्माण तिथि 18 अप्रैल 2026 और उपयोग की अंतिम तिथि 17 जनवरी 2027 है. उत्पाद का निर्माण VRB Consumer Products Private Limited ने राजस्थान के कोटपूतली स्थित रीको इंडस्ट्रियल एरिया में किया है. इसकी खाद्य अनुज्ञप्ति संख्या 10018013001531 है.

प्रोपाइल गैलेट खाद्य पदार्थों में वसा और तेल के ऑक्सीकरण को रोकने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एंटीऑक्सीडेंट है. इसके उपयोग की मात्रा निर्धारित खाद्य मानकों के अनुरूप होना जरूरी है. संबंधित मेयोनीज का इस्तेमाल मोमोज, चाइनीज पकौड़े, बर्गर, सैंडविच और अन्य फास्ट फूड के साथ सॉस के तौर पर किया जाता है.